खबरें शेयर करें -

“अच्छी शिक्षा, संस्कार और मातृभाषा से ही संवरता है बच्चों का भविष्य”  सुरेंद्र सिंह लोटनी!
शांतिपुरी। दर्पण न्यूज 24/7
स्कूल बच्चों के भविष्य की नींव होते हैं और शिक्षा के साथ संस्कार ही उन्हें सही दिशा देते हैं। यह बात लालकुआँ नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने शांतिपुरी स्थित सैंट लामार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित दो दिवसीय ‘लिटिल चैम्प–4’ के समापन समारोह में कही। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार दें और अपनी मातृभाषा व संस्कृति से जोड़े रखें।
मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह लोटनी एवं विद्यालय प्रबंधक प्रमोद वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर प्रबंधक प्रमोद वर्मा ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों तथा कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। माँ सरस्वती वंदना, गणेश वंदना, देशभक्ति गीतों के साथ कुमाऊँनी लोकनृत्य ने दर्शकों का दिल जीत लिया। विशेष रूप से नर्सरी कक्षा के नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
इस अवसर पर विद्यालय के अकादमिक निदेशक उमेश बोरा, प्रधानाचार्य ब्रिज मोहन कुनिययाल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं व स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
फोटो कैप्शन: शांतिपुरी स्थित सैंट लामार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लिटिल चैम्प–4 के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह लोटनी का स्वागत करते बच्चे व विद्यालय प्रबंधन।