खबरें शेयर करें -

संसाधनों के अभाव स्टाफ की कमी के बावजूद आबकारी महकमे ने पकड़ी 1550 बल्क लीटर अवैध शराब !
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी (नैनीताल)। सीमित स्टाफ, वाहन सुविधा के अभाव और बढ़ते कार्यक्षेत्र जैसी चुनौतियों के बावजूद हल्द्वानी सर्कल का आबकारी विभाग अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1550 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी सर्कल में स्वीकृत नौ पदों के सापेक्ष वर्तमान में मात्र पांच कर्मचारी ही तैनात हैं। विभाग के पास स्वयं का सरकारी वाहन उपलब्ध नहीं है, जबकि न्यायालयी एवं कार्यालयी कार्यों के संचालन के लिए लिपिकीय व्यवस्था भी नहीं है। इसके बावजूद विभागीय टीम व्यापक क्षेत्र में नियमित अभियान संचालित कर रही है।
हल्द्वानी सर्कल के अंतर्गत काठगोदाम, मुखानी, चोरगलिया, लालकुआं तथा बनभूलपुरा सहित कई थाना क्षेत्र आते हैं। इन क्षेत्रों में अवैध शराब की रोकथाम, मदिरा दुकानों का निरीक्षण, लाइसेंस नवीनीकरण, निकासी कार्य, शिकायतों की जांच तथा न्यायालय संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी आबकारी विभाग पर है।
आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभाग द्वारा 55 मामले दर्ज करते हुए तीन दुपहिया वाहन जब्त किए गए तथा कुल 1378.75 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में जनवरी 2026 तक 70 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और चार दुपहिया वाहन सीज किए गए हैं। इस अवधि में देसी, विदेशी एवं कच्ची शराब मिलाकर कुल 1550 बल्क लीटर शराब जब्त की गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।
उन्होंने बताया कि स्टाफ और वाहन की कमी को लेकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है तथा संसाधनों में वृद्धि होने पर कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाएगा।
बड़े राजस्व स्रोत होने के बावजूद आबकारी विभाग में संसाधनों की कमी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसके बावजूद हल्द्वानी सर्कल की लगातार कार्रवाई यह संकेत दे रही है कि विभाग अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

उत्तराखंड