खबरें शेयर करें -

सोशल मीडिया पर भी ‘मोदी मैजिक’ कायम
इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स पार करने वाले दुनिया के पहले नेता बने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
नई दिल्ली |दर्पण न्यूज 24/7
डिजिटल दौर की राजनीति में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और वैश्विक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। प्रधानमंत्री मोदी इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन (10 करोड़) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले राजनेता बन गए हैं।
इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सोशल मीडिया लोकप्रियता के मामले में दुनिया के कई प्रभावशाली नेताओं को पीछे छोड़ दिया है।
वैश्विक नेताओं से काफी आगे
इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता के मामले में प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग जैसे वैश्विक नेताओं को पीछे छोड़ दिया है।
जानकारी के अनुसार डोनाल्ड ट्रंप जहां लगभग 43 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं, वहीं अन्य विश्व नेताओं की संयुक्त फॉलोअर संख्या भी प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत फॉलोअर्स से कम बताई जा रही है।
2014 से लगातार सक्रिय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे। तब से वह इस प्लेटफॉर्म पर लगातार सक्रिय रहते हुए सरकारी कार्यक्रमों, अंतरराष्ट्रीय यात्राओं, सांस्कृतिक आयोजनों और व्यक्तिगत क्षणों की झलक साझा करते रहे हैं।
उनकी पोस्ट शैली, विजुअल प्रस्तुति और सीधे संवाद की रणनीति ने उन्हें वैश्विक डिजिटल लीडर के रूप में स्थापित किया है।
भारत में भी नंबर-1 नेता
देश के भीतर भी इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री मोदी सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले नेता हैं। उनके बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 16 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी करीब 12 मिलियन फॉलोअर्स के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।
वैश्विक मंचों पर भी बढ़ी प्रतिष्ठा
इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है। हाल ही में इजरायल की संसद नेसेट ने उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल से सम्मानित किया। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नेसेट को संबोधित करते हुए भारत-इजरायल संबंधों को नई ऊंचाई देने पर जोर दिया।
डिजिटल युग का जननेता
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग ने प्रधानमंत्री मोदी को वैश्विक स्तर पर सीधे जनता से जुड़ने वाला नेता बना दिया है।
इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करना केवल डिजिटल उपलब्धि नहीं, बल्कि बदलते राजनीतिक संवाद का संकेत भी माना जा रहा है।

उत्तराखंड