खबरें शेयर करें -

इंडियाकोट मल्ला भ्रातृ मंडल समिति की पहली सार्वजनिक बैठक में क्षेत्रीय विकास को लेकर उठी बुलंद आवाज।

दर्पण न्यूज 24/7 पौड़ी गढ़वाल।

इंडियाकोट मल्ला भ्रातृ मंडल समिति (संस्कृति एवं सरोकार मंच) की प्रथम सार्वजनिक बैठक रविवार को जनता इंटर कॉलेज कोलीवाल में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, पर्यटन और मूल निवास जैसे ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनप्रतिनिधियों को मांग पत्र सौंपा गया। समिति ने क्षेत्र को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने, कोलीवाल में सरकारी/सहकारी बैंक की स्थापना, विधि कॉलेज खोलने, टकोलीखाल और सिद्धखाल में राजकीय पॉलिटेक्निक की स्थापना तथा सड़क और मोटर मार्गों के शीघ्र निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।

इसके साथ ही क्षेत्र में फलोद्यान एवं फल प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने, नयार नदी पर जल क्रीड़ा केंद्र विकसित करने और दीवा माता मंदिर व कतुलिया महादेव मंदिर को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किए जाने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने कहा कि पर्यटन विकास से क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

बैठक में जंगली जानवरों से सुरक्षा, क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगारपरक शिक्षा, सेवायोजन कार्यालय की स्थापना तथा मूल निवासियों को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता देने जैसे मुद्दों को भी जोरदार तरीके से रखा गया।

समिति ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु विद्यालयों में विशेषज्ञों के माध्यम से करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम चलाने और सामान्य ज्ञान पुस्तकों के वितरण की मांग भी की। वहीं क्षेत्र के कई गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए मोटर मार्ग निर्माण को आवश्यक बताया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। जिसमें संरक्षक पद पर भानोजी रावत सिलवेडी, अध्यक्ष पद पर अनिल कुमार रावत, सचिव पद पर मनोज देहधार, कोषाध्यक्ष पद पर वसंत जोशी तथा मीडिया सलाहकार पद पर रविन्द्र रावत को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा विभिन्न पदों पर अन्य सदस्यों को भी मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक भक्तवर्शन सिंह नेगी ने कहा कि समिति क्षेत्र की संस्कृति, सरोकार और जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करेगी तथा जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।

बैठक में क्षेत्र के विकास को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और ग्रामीणों ने एकजुट होकर क्षेत्र के हक और अधिकारों की लड़ाई आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

उत्तराखंड