चारधाम यात्रा के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब: पहले ही दिन 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण, केदारनाथ सबसे आगे!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के लिए जैसे ही ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हुए, पहले ही दिन 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया।
सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं। यहां 42,405 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। इसके बाद बदरीनाथ धाम के लिए 36,580, गंगोत्री धाम के लिए 22,764 और यमुनोत्री धाम के लिए 22,340 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
पर्यटन विभाग के अनुसार 6 मार्च से सुबह 7 बजे से आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पंजीकरण से इस वर्ष यात्रा में भारी भीड़ आने की संभावना जताई जा रही है।
17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण भी
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रमुख ट्रांजिट कैंपों में काउंटर खोले जाएंगे, जिनमें ऋषिकेश, हरिद्वार के त्रिधिकुल मैदान और विकासनगर शामिल हैं।
पंजीकरण अनिवार्य
चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण करेंगे।
विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
24 घंटे हेल्पलाइन सेवा
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पर्यटन विभाग ने टोल-फ्री नंबर 0135-1364 जारी किया है, जिस पर 24 घंटे सेवा उपलब्ध रहेगी।
पहले ही दिन रिकॉर्ड पंजीकरण से साफ है कि इस बार चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है और देवभूमि उत्तराखंड एक बार फिर आस्था के महासागर का साक्षी बनने जा रहा है।
