खबरें शेयर करें -

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित, अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप!
दर्पण न्यूज 24/7 नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष अनुज अग्निहोत्री ने परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त कर देशभर में टॉप किया है।
अनुज अग्निहोत्री एमबीबीएस स्नातक हैं और वर्तमान में दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा (DANICS) के अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले के रहाटा गांव के निवासी हैं।
परीक्षा में राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) में बीई की डिग्री प्राप्त की है और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था। वहीं आकांश धुल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वे दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम स्नातक हैं और उनका वैकल्पिक विषय कॉमर्स एवं अकाउंटेंसी था।
यूपीएससी के अनुसार इस वर्ष टॉप 10 में तीन महिलाएं और सात पुरुष शामिल हैं। कुल 958 अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
आयोग ने बताया कि अनुशंसित उम्मीदवारों में से 348 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी अस्थायी (प्रोविजनल) रखी गई है, जबकि 258 उम्मीदवारों को रिजर्व सूची में रखा गया है। केंद्र सरकार ने इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1087 पदों को भरने की जानकारी आयोग को दी थी।
अनुज अग्निहोत्री ने अपनी सफलता के क्षण को याद करते हुए बताया कि जब परिणाम सामने आया तो उन्हें अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “मैंने परिणाम को दोबारा देखा, क्योंकि ऐसा लग रहा था कि शायद यह केवल किस्मत का खेल हो।” उस समय उनके माता-पिता भी उनके साथ थे और तीनों कुछ देर तक चुपचाप बैठकर इस उपलब्धि को समझने की कोशिश करते रहे।
गौरतलब है कि सिविल सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक हुई, जबकि अंतिम चरण यानी व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुआ।
यूपीएससी के अनुसार चयनित उम्मीदवारों में 42 दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल हैं, जिनमें 10 अस्थि दिव्यांग, 14 दृष्टिबाधित, 9 श्रवण बाधित और 9 बहु-दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवार हैं।

उत्तराखंड