खबरें शेयर करें -

पहाड़ों पर बर्फ, मैदानों में बारिश — उत्तराखंड में फिर लौटी ठंड, तापमान में 5°C तक गिरावट की चेतावनी!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | प्रमोद बमेटा
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के चलते पूरे प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया है, जिससे प्रदेश में ठंड ने एक बार फिर दस्तक दे दी है।
राज्य के कई पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे। राजधानी देहरादून में दिनभर बादल रहने के बाद दोपहर में हल्की बारिश हुई। वहीं नैनीताल में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से घाटी में ठंड का असर बढ़ गया और तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई।
ऊंचाई वाले धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी मौसम का मिजाज बदला नजर आया। बदरीनाथ, केदारनाथ, तुंगनाथ, नंदा देवी, फूलों की घाटी राष्ट्रीय पार्क और केदारनाथ कस्तूरी मृग अभयारण्य के ऊपरी क्षेत्रों में रविवार तड़के हल्की बर्फबारी की सूचना मिली है। बर्फ गिरने के बाद इन इलाकों में ठंड का असर फिर बढ़ गया है।
उधर उत्तरकाशी जिले के हर्षिल, गंगोत्री और यमुनोत्री की ऊंची पहाड़ियों पर भी हल्का हिमपात हुआ। जबकि निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर सहित आसपास की घाटियों में भी हल्की बारिश हुई।
बागेश्वर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का भी असर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
बारिश और ओलावृष्टि के बाद जहां एक ओर ठंड लौट आई है, वहीं दूसरी ओर मौसम सुहावना हो गया है और पहाड़ियों पर छाई धुंध भी काफी हद तक साफ हो गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तराखंड