पंतनगर किसान मेले में खरीफ बीजों की धूम, पशु प्रदर्शनी में गाभिन जर्सी गाय बनी सर्वोत्तम!
दर्पण न्यूज 24/7 पंतनगर। पंत विश्वविद्यालय में आयोजित अखिल भारतीय किसान मेले में तीसरे दिन भी किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली। किसानों ने विभिन्न खरीफ फसलों के बीजों की जमकर खरीदारी की और विश्वविद्यालय के अनुसंधान केन्द्रों से आधुनिक कृषि तकनीकों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
विश्वविद्यालय के फसल अनुसंधान केन्द्र, प्रजनक बीज उत्पादन केन्द्र, विश्वविद्यालय फार्म तथा एटिक केन्द्रों से मेले के पहले से तीसरे दिन की दोपहर तक किसानों ने लगभग 19 लाख 30 हजार रुपये के विभिन्न फसलों के बीज खरीदे। वहीं औषधीय एवं सुगंध पौध अनुसंधान केन्द्र, आदर्श पुष्प वाटिका, सब्जी अनुसंधान केन्द्र, उद्यान अनुसंधान केन्द्र, कृषि वानिकी अनुसंधान केन्द्र तथा मधुमक्खी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र से करीब 1 लाख 10 हजार रुपये के बीज और पौधों की बिक्री हुई।
इसके अलावा एटिक व प्रकाशन निदेशालय के स्टालों से किसानों ने लगभग 32 हजार रुपये के प्रकाशन खरीदे। मेले में पहुंचे किसानों ने विभिन्न अनुसंधान केन्द्रों का भ्रमण कर नई तकनीकों और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी भी प्राप्त की।
निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. जितेन्द्र क्वात्रा ने बताया कि किसान मेले का समापन सोमवार को विश्वविद्यालय के गांधी हाल में होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में पशु, पुष्प, फल-फूल और प्रसंस्करित उत्पादों की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
पशु प्रदर्शनी में जर्सी गाय रही अव्वल
किसान मेले के तीसरे दिन पशुचिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय परिसर में पशु प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें पशुपालकों ने अपने पशुओं का प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शनी में जम्बी भल्ला की गाभिन जर्सी गाय को सर्वोत्तम पशु घोषित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने गाय को रिबन बांधकर सम्मानित किया। प्रदर्शनी में कुल 37 पशुओं ने भाग लिया।
विभिन्न वर्गों में भैंस, दुधारू गाय, देशी गाय, जर्सी गाय, बकरी और घोड़ा श्रेणी में पशुपालकों को प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को दो हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि सर्वोत्तम पशु के लिए जम्बी भल्ला को पांच हजार रुपये प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने विद्यार्थियों और पशुपालकों को अच्छी नस्ल के पशु पालन के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अंत में पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य किट और मिनरल मिक्सचर भी निःशुल्क वितरित किए गए।
