लालकुआं में गैस वितरण को लेकर हंगामा, पुलिस हस्तक्षेप के बाद ग्रामीण खाली सिलेंडर लेकर लौटे!
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं। नगर से सटे ग्रामीण क्षेत्र बिंदुखत्ता में रसोई गैस की अनियमित आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। शहीद स्मारक के पास गैस की गाड़ी आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण खाली सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से वितरण व्यवस्था बिगड़ गई और हालात संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मौके पर मौजूद कोतवाल बृजमोहन राणा ने स्थिति को संभालते हुए जिला पूर्ति अधिकारी से संपर्क किया। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों को रोस्टर के अनुसार उनके घरों तक सिलेंडर पहुंचाए जाएंगे, इसलिए एक स्थान पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
इस दौरान दूरदराज क्षेत्रों से आई महिलाएं भी सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंच गईं, जिससे कुछ देर के लिए सांकेतिक जाम की स्थिति भी बन गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और आपसी सहमति से दूसरी गैस गाड़ी को वापस भेज दिया गया। इसके बाद ग्रामीण खाली सिलेंडर लेकर अपने घर लौट गए।
ग्रामीणों का कहना है कि सामान्यत: प्रत्येक गांव के लिए सोमवार से शनिवार तक गैस वितरण का रोस्टर तय रहता है, लेकिन पिछले एक महीने से गैस की गाड़ी क्षेत्र में नहीं पहुंची है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ ग्रामीणों ने गैस एजेंसी संचालक पर मनमानी के आरोप भी लगाए हैं।
फिलहाल प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मंगलवार से क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।

