खबरें शेयर करें -

रॉन्ग साइड मौत का खेल: राष्ट्रीय राजमार्ग  पर ट्रकों का आतंक, 2 दिन में 2 बड़े हादसे !
दर्पण न्यूज 24/7
हल्दूचौड़। राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर इन दिनों रॉन्ग साइड दौड़ते ट्रकों और ट्रालों ने आम लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है। गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच स्टोन क्रशरों से उपखनिज ढोने वाले भारी वाहन खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिससे आए दिन भीषण सड़क हादसे हो रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि लगातार दो दिनों में दो बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई के नाम पर चुप्पी साधे बैठा है।
आज सुबह फिर हुआ बड़ा हादसा
आज प्रातः गैस प्लांट के पास एक तेज रफ्तार ट्राला अचानक रॉन्ग साइड से सामने आ गया, जिससे एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सवार लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को संभाला।
लापरवाही या मिलीभगत?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टोन क्रशरों से जुड़े ये भारी वाहन समय बचाने के चक्कर में लगातार उल्टी दिशा में दौड़ते हैं, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में यह “मौत का खेल” चल रहा है?
जनता में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
लगातार बढ़ते हादसों से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से तुरंत सख्त कार्रवाई, रॉन्ग साइड वाहनों पर रोक और नियमित चेकिंग की मांग की है।
अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह हाईवे किसी बड़े हादसे का गवाह बन सकता है।

उत्तराखंड