खबरें शेयर करें -

27 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर दबोचे, सितारगंज से हल्द्वानी में करते थे सप्लाई!
दर्पण न्यूज 24/7संवाददाता, हल्द्वानी!
हल्द्वानी। नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 91.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 27 लाख रुपये आंकी गई है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पुलिस टीम बागजाला स्थित वन विभाग के जू डम्पिंग जोन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध नजर आए दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में आनन्द सिंह रावत के पास से 68.35 ग्राम तथा रोहित थापा के कब्जे से 22.75 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को ऊधमसिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र से खरीदकर हल्द्वानी में सप्लाई करते थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और सप्लायर की तलाश में जुट गई है। बताया गया कि मुख्य आरोपी आनन्द सिंह रावत के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक दिलीप कुमार, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रोतेला, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह और भानू प्रताप शामिल रहे। इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 2000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
खटीमा में भी स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
खटीमा पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 2.73 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी इमरान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

उत्तराखंड