खबरें शेयर करें -

गहराता रसोई गैस संकट: एजेंसी की मनमानी और बड़ा दायरा बना बड़ी समस्या!

डीएम के निर्देश बेअसर, ग्रामीण उपभोक्ता परेशान नई एजेंसी खोलने की उठी मांग!
हल्द्वानी/लालकुआं ।
क्षेत्र में रसोई गैस संकट लगातार गहराता जा रहा है और अब हालात आम जनता के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है, जबकि प्रशासनिक दावे जमीनी सच्चाई से मेल नहीं खा रहे।
गैस वितरण का जिम्मा संभाल रही आशीर्वाद गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक जिलाधिकारी के निर्देशों को दरकिनार कर गैस वितरण में मनमानी कर रहे हैं। बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस संकट की एक बड़ी वजह एजेंसी का अत्यधिक विस्तारित दायरा भी माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्षेत्र बड़ा होने के कारण समय पर और समान रूप से गैस आपूर्ति नहीं हो पा रही है। खासकर दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी खराब है, जहां उपभोक्ताओं को हफ्तों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
आरोप यह भी हैं कि प्रभावशाली और पहुंच रखने वाले लोगों को आसानी से गैस उपलब्ध हो रही है, जबकि आम आदमी दर-दर भटकने को मजबूर है। इससे वितरण प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं के फोन तक उठाने को तैयार नहीं हैं। इससे लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
अब क्षेत्र के लोग एजेंसी का दायरा कम करने और नई गैस एजेंसी खोलने की मांग कर रहे हैं, ताकि आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित और प्रभावी बनाया जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि आम जनमानस को राहत मिल सके।

उत्तराखंड