खबरें शेयर करें -

“युद्ध अब सिर्फ सीमाओं तक सीमित नहीं” — लोक भवन में बदले वैश्विक सुरक्षा पर मंथन!
साइबर, तकनीक और अर्थव्यवस्था बने नए युद्ध के मोर्चे, राज्यपाल ने विशेषज्ञों के साथ की गहन चर्चा!
देहरादून, दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
उत्तराखंड की राजधानी में बदलते वैश्विक परिदृश्य और आधुनिक युद्ध के नए स्वरूप पर गंभीर चिंतन हुआ। लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रेटेजिक मंच (थिंक टैंक) के विशेषज्ञों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सामरिक चुनौतियों और उनके प्रभावों पर मंथन किया।
बैठक में पूर्व सैन्य अधिकारियों और रणनीतिक विशेषज्ञों ने आधुनिक युद्ध के बदलते आयामों—विशेषकर साइबर हमलों, उभरती तकनीकों, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों—पर विस्तृत चर्चा की। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि अब युद्ध केवल सीमाओं पर लड़े जाने वाले पारंपरिक संघर्ष तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सूचना, तकनीक और आर्थिक मोर्चों पर भी निर्णायक रूप ले चुका है।
राज्यपाल ने विशेषज्ञों के अनुभव और गहन ज्ञान की सराहना करते हुए कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक हालात में इस तरह के विमर्श नीति-निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जोर दिया कि नई चुनौतियों को समझने और प्रभावी समाधान खोजने के लिए रणनीतिक सोच और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह (सेनि), श्याम सरन, वाइस एडमिरल एजी थपलियाल (सेनि), एयर वाइस मार्शल अरविंद वर्मा (सेनि), मेजर जनरल संजय शर्मा (सेनि), मेजर जनरल अभय कार्की (सेनि), ब्रिगेडियर संतोष नायर (सेनि), ब्रिगेडियर अनिल शर्मा (सेनि), ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता (सेनि), संजीव चोपड़ा, शत्रुघ्न सिंह और प्रो. दुर्गेश पंत सहित कई वरिष्ठ विशेषज्ञ मौजूद रहे।

उत्तराखंड