गैस किल्लत पर प्रशासन का कड़ा एक्शन: गोदामों पर छापा, सड़कों पर उतरी व्यवस्था!
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी/बागेश्वर
हल्द्वानी। शहर में इंडेन गैस की आपूर्ति बाधित होने से मचे हाहाकार के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। लगातार बढ़ती उपभोक्ताओं की परेशानी और नाराजगी को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने गुरुवार को इंडेन गैस के गोदामों और कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आपूर्ति व्यवस्था में खामियां सामने आने पर संबंधित एजेंसियों को फटकार लगाई गई और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि गैस वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🚛कई इलाकों में दौड़ी गैस गाड़ियां, लोगों को मिली राहत!
प्रशासनिक सख्ती के बाद छड़ायल, कुसुमखेड़ा और पालीकोठी क्षेत्रों में गैस वाहनों को भेजा गया। कई दिनों से सिलेंडर का इंतजार कर रहे लोगों ने राहत की सांस ली।
बागेश्वर में हालात बेकाबू, सिलेंडर के लिए धक्का-मुक्की!
वहीं बागेश्वर जिले में स्थिति और भी गंभीर नजर आई। गैस वाहन पहुंचते ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी और सिलेंडर लेने के लिए धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
सैंज, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास, ब्लॉक क्षेत्र, बमराड़ी, फटगली और ट्रामा सेंटर के आसपास गैस वितरण किया गया, लेकिन वाहन पहुंचने से पहले ही लंबी कतारें लग गई थीं।
प्रशासन की चेतावनी!
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि कुमाऊं मंडल विकास निगम और निजी एजेंसियों के माध्यम से गैस आपूर्ति की जाती है। तकनीकी और व्यवस्थागत कारणों से आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने साफ कहा कि आगे से गैस आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आई तो संबंधित एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कुल मिलाकर, गैस किल्लत के बीच प्रशासन की सक्रियता से हालात में सुधार के संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन आपूर्ति व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करना अब सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
