रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा वन दरोगा, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप !
दर्पण न्यूज 24/7 | जागेश्वर
जंगलों की निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाला वन विभाग का कर्मचारी खुद ही भ्रष्टाचार के जाल में फंस गया। जागेश्वर में तैनात एक वन दरोगा को विजिलेंस टीम ने उस समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जब वह रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लीसा गड़ान-ढुलान कार्य से जुड़े पंजीकरण नवीनीकरण और पुराने बिलों के भुगतान के नाम पर आरोपी दरोगा द्वारा शिकायतकर्ता से लंबे समय से पैसे की मांग की जा रही थी। लगातार हो रही इस मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने अंततः सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) से संपर्क किया।
शिकायत के आधार पर हल्द्वानी से पहुंची विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही तय रकम 25,500 रुपये आरोपी को सौंपी गई, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
वहीं, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी ने कहा कि विजिलेंस से आधिकारिक सूचना प्राप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
