खबरें शेयर करें -

मुश्किल वक्त में आंचल का सहारा!

20 जरूरतमंदों को बांटे 2.98 लाख के सहायता चेक!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं! दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए 20 लाभार्थियों को कुल 2.98 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। संघ के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में जरूरतमंद दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और कर्मचारियों को सहायता चेक वितरित किए गए।
यह आर्थिक सहयोग उन लोगों को दिया गया, जो आकस्मिक घटनाओं, गंभीर बीमारी और पशुधन की क्षति जैसी कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। गौशाला में भीषण अग्निकांड में 10 पशुओं की मौत, गुलदार के हमलों और अन्य कारणों से पशु हानि झेल चुके पशुपालकों को राहत दी गई। वहीं गंभीर बीमारी से ग्रसित सात दुग्ध उत्पादकों को भी आर्थिक संबल प्रदान किया गया।
संघ द्वारा 25 हजार, 21 हजार, 15 हजार, 12 हजार और 10 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। सहायता राशि पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष झलक उठा। कई परिवारों ने इसे कठिन समय में मिली बड़ी मदद बताते हुए संघ का आभार जताया।
इस मौके पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ अपने से जुड़े हर व्यक्ति के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना संघ का दायित्व है और भविष्य में भी यह सहयोग निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पढ़ालनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, शांति कोरंगा, पूरन चंद्र मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, पशुपालक और कर्मचारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड