खबरें शेयर करें -

कैंची धाम में भीड़ से पहले पुलिस का ‘मेगा प्लान’! एडीजी मुरुगेशन का सख्त अल्टीमेटम—ट्रैफिक और सुरक्षा में नहीं होगी चूक!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो नैनीताल। पर्यटन सीजन से पहले सुप्रसिद्ध कैंची धाम में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने मंगलवार को कैंची धाम का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और अधिकारियों को साफ संदेश दिया—सीजन शुरू होने से पहले हर हाल में पुख्ता इंतजाम पूरे हों।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष रणनीति तैयार करने को कहा गया।
सबसे ज्यादा जोर ट्रैफिक मैनेजमेंट पर दिया गया। एडीजी ने निर्देश दिए कि जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। नो पार्किंग जोन को सख्ती से लागू करने, चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही पार्किंग स्थलों से मंदिर तक श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने के लिए शटल सेवा को और अधिक प्रभावी व व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया, ताकि मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। निर्माणाधीन पार्किंग और बाईपास मार्ग के कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए भी संबंधित एजेंसियों को सहयोग देने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के मोर्चे पर भी एडीजी ने सख्त रुख अपनाते हुए मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर एडवांस फीचर वाले सीसीटीवी कैमरों से 24×7 निगरानी और बेहतर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा और यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।