स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो ठिकानों पर छापे—4 गिरफ्तार, 9 महिलाएं रेस्क्यू!
दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर। शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। इस दौरान पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 9 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
पहली कार्रवाई काशीपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित एक स्पा सेंटर में प्रभारी निरीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान एक कमरे से आपत्तिजनक स्थिति में एक युवक और महिला मिले। पूछताछ में युवक ने अनैतिक कार्य के लिए रुपये देकर कमरे की बुकिंग की बात कबूल की। मौके पर मौजूद कर्मचारी ने खुलासा किया कि स्पा संचालक और मैनेजर ग्राहकों से मोटी रकम वसूलते थे, जबकि महिलाओं को बेहद कम भुगतान किया जाता था। पुलिस ने यहां से नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर 4 महिलाओं को रेस्क्यू किया। मुख्य आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
दूसरी कार्रवाई भूरारानी रोड स्थित एक अन्य स्पा सेंटर में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी की टीम ने की। पुलिस के पहुंचते ही एक व्यक्ति ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक कमरे से युवक और युवती आपत्तिजनक अवस्था में मिले। पीड़िता ने बताया कि उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था और ग्राहकों से भारी रकम वसूली जाती थी। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी, मोबाइल फोन, रजिस्टर और अन्य सामग्री बरामद की। यहां से 5 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जो विभिन्न राज्यों की रहने वाली हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 तथा अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं 3/4/5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रेस्क्यू की गई महिलाओं को सुरक्षा के मद्देनजर महिला बैरक में रखा गया है, जहां काउंसलिंग के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
इसी अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने आवास विकास क्षेत्र के एक अन्य स्पा सेंटर में भी जांच की, जहां आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, मेट्रोपोलिस मॉल स्थित एक सेंटर बंद मिला। ताला तोड़कर जांच करने पर संचालक फरार पाया गया और दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर के अन्य स्पा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आगे भी ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
