खबरें शेयर करें -

इंडियाकोट मल्ला को पिछड़ा घोषित करने सहित 16 सूत्रीय मांगें, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून। जनपद पौड़ी गढ़वाल की रिखणीखाल तहसील के अंतर्गत आने वाले इंडियाकोट मल्ला क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर इंडियाकोट मल्ला भातृ मंडल समिति (संस्कृति एवं सरोकार मंच) ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर समाधान की मांग की है। समिति का कहना है कि क्षेत्र अत्यंत पिछड़ा होने के कारण मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समिति के मुख्य संयोजक सक्त दर्शन सिंह नेगी द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया कि क्षेत्र में बैंक, तकनीकी शिक्षा संस्थान, डिग्री कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। वहीं जंगली जानवरों के हमलों से लोगों का जीवन भी खतरे में है। सड़क, बिजली, संचार, शिक्षा, चिकित्सा, सिंचाई और पेयजल जैसी सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं, जबकि रोजगार के अवसरों का भी अभाव बना हुआ है।
समिति ने 5 अप्रैल 2026 को बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर 16 सूत्रीय मांगपत्र तैयार किया। प्रमुख मांगों में इंडियाकोट मल्ला को पिछड़ा घोषित करना, क्षेत्र को फल पट्टी के रूप में विकसित करना, जंगली जानवरों से सुरक्षा के उपाय करना और ग्रामीण सड़कों का विस्तार करना शामिल है।
इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पॉलिटेक्निक, डिग्री कॉलेज और आईटीआई की स्थापना, चिकित्सालयों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, रोडवेज बसों का संचालन, सड़कों का चौड़ीकरण तथा पेयजल, विद्युत और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की भी मांग की गई है।
समिति ने राज्य के तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के पदों पर स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता देने, सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने और नए पद सृजित करने की भी मांग उठाई है। साथ ही राज्य में संतुलित विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
समिति ने मुख्यमंत्री से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान कराए जाने की अपील की है।

उत्तराखंड