खबरें शेयर करें -

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में 18 अप्रैल से 24 घंटे का राष्ट्रीय हैकाथॉन “वॉच द कोड”!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी । ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर में 18 और 19 अप्रैल को नवाचार और तकनीकी कौशल का महाकुंभ “वॉच द कोड” आयोजित किया जाएगा। यह 24 घंटे का राष्ट्रीय स्तर का हैकाथॉन है, जिसका उद्देश्य देशभर के युवा तकनीकी प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करना है।
आयोजन का संचालन परिसर के ‘टेक गीक क्लब’  द्वारा किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और संस्थानों के छात्र भाग लेंगे।
हैकाथॉन में प्रतिभागियों के लिए एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि के साथ उन्नत पाठ्यक्रम सदस्यता और निःशुल्क डोमेन होस्टिंग भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में गूगल, टीसीएस, ज़ैथेनिक, एबीपी और मिरो जैसी वैश्विक संस्थाओं के विशेषज्ञ मूल्यांकनकर्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय के हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि “वॉच द कोड केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वास्तविक दुनिया की जटिल समस्याओं के समाधान का एक सशक्त मंच है। इसका उद्देश्य छात्रों की रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना है।”
इस कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मनीषा कोरंगा और कमलेश पड़ालिया द्वारा किया जा रहा है। समन्वयकों के अनुसार प्रतिभागी लगातार 24 घंटे तक कोडिंग और विकास प्रक्रिया में संलग्न रहेंगे, जिससे उनके धैर्य और समस्या समाधान क्षमता की परीक्षा होगी।
यह आयोजन हल्द्वानी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड में तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा उन्हें उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।