सड़क की गुणवत्ता पर सवाल, जेई कैमरे से भागे।
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। राधाबंगर और हरिपुर भन्देव नवाड़ के बीच बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर जब स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगना चाहा, तो हैरान करने वाला मामला सामने आया। मौके पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर (जेई) ने कैमरे के सामने बोलने से साफ इंकार कर दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। घटिया सामग्री के इस्तेमाल से सड़क की उम्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद काम की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे आने वाले समय में सड़क के जल्दी टूटने की आशंका है।
जब इस संबंध में जेई से सवाल पूछे गए, तो उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उनका यह रवैया कई तरह के संदेह पैदा कर रहा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर अधिकारी मीडिया से क्यों बच रहे हैं? क्या वाकई निर्माण कार्य में गड़बड़ी हुई है, या फिर जवाबदेही से बचने की कोशिश की जा रही है?
ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि जनता के पैसे का दुरुपयोग न हो। वहीं, इस पूरे प्रकरण ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
