खबरें शेयर करें -

पेंचवर्क के बाद अब पैदल पारपथ पर श्रेय संग्राम, भाजपा नेता देबू हुए भावुक।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित पैदल पारपथ (फुट ओवरब्रिज) को लेकर भाजपा में श्रेय की राजनीति अब खुलकर सामने आने लगी है। पेंचवर्क विवाद के बाद अब फुट ओवरब्रिज को लेकर छिड़ी बयानबाजी ने राजनीतिक गलियारों में नई गर्माहट पैदा कर दी है।
क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट द्वारा हाल ही में एनएचएआई अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कट खुलवाने और चार पैदल पारपथों की स्वीकृति को अपनी उपलब्धि बताए जाने के बाद भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ देबू ने भी खुलकर मोर्चा संभाल लिया है।
देवेंद्र बिष्ट ने मीडिया के सामने दिल्ली यात्रा की रेल टिकट, पुराने समाचारों की प्रतियां और केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा से दिल्ली स्थित आवास पर हुई मुलाकातों के दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि फुट ओवरब्रिज की पूरी पहल उनके प्रयासों और केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा के सहयोग से आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से वह लगातार विभागीय अधिकारियों और मंत्रालय के संपर्क में रहकर इस योजना को आगे बढ़ाने में जुटे थे।
उन्होंने कहा कि बरेली रोड क्षेत्र में स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क पार करने में भारी जोखिम उठाना पड़ता है। तेज रफ्तार वाहनों के चलते हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। इसी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए उन्होंने कई बार केंद्रीय स्तर पर पैरवी की, जिसके बाद विभागीय कार्रवाई शुरू हुई।
इस दौरान देवेंद्र बिष्ट ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उनके प्रयासों से अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में लाखों रुपये की विकास योजनाएं स्वीकृत कराई गई थीं, लेकिन उस समय भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनकी उपेक्षा की थी।
मीडिया से बातचीत के दौरान वह भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा, “यह देवभूमि है। यहां गोलज्यू देवता, कोटगाड़ी माता और हाट कालिका माता जैसी देवशक्तियां न्याय करती हैं। मैं उनसे प्रार्थना करता हूं कि ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दें, ताकि वे अपनी मेहनत से कराए गए कार्यों का ही श्रेय लें और दूसरों की मेहनत का श्रेय लेकर किसी की भावनाओं को आहत न करें।”
राजनीतिक जानकारों के अनुसार भाजपा में विकास कार्यों को लेकर श्रेय लेने की प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ती जा रही है। इससे पहले हल्दूचौड़ हनुमान मंदिर मार्ग पर हुए पेंचवर्क कार्य को लेकर भी भाजपा नेताओं और विधायक समर्थकों के बीच तीखी बयानबाजी सामने आ चुकी है।
अब फुट ओवरब्रिज को लेकर छिड़ी यह नई सियासी जंग भाजपा की अंदरूनी खींचतान को फिर सार्वजनिक करती नजर आ रही है।

उत्तराखंड