खबरें शेयर करें -

हरीश रावत, स्व. प्रकाश पंत और हेमंत द्विवेदी का हवाला देकर दीपेंद्र को चेताया, नवीन दुम्का के बयान से लालकुआँ में सियासी हलचल तेज!

दर्पण न्यूज 24/7

लालकुआँ। लालकुआँ विधानसभा में “स्थानीय बनाम पैराशूट प्रत्याशी” की बहस एक बार फिर तेज हो गई है। वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व विधायक नवीन दुमका  ने बिना सीधे नाम लिए तीखे राजनीतिक संकेत देते हुए कहा कि लालकुआँ की जनता केवल मकान खरीद लेने या क्षेत्र में आवास बना लेने भर से किसी को अपना प्रतिनिधि स्वीकार नहीं करती। उनके बयान को दीपेंद्र कोश्यारी  के लिए सीधी राजनीतिक चेतावनी माना जा रहा है।

दुम्का ने अपने बयान में कांग्रेस के सिरमौर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत  भाजपा के वरिष्ठ दिवंगत नेता प्रकाश पंत और हेमंत द्विवेदी  का हवाला देते हुए कहा कि लालकुआँ विधानसभा में बाहरी अथवा “पैराशूट प्रत्याशी” को लेकर जनता की राय पहले भी स्पष्ट रही है और आज भी उसमें कोई बदलाव नहीं आया है।

उन्होंने तीखे अंदाज़ में कहा कि “काले बादल, काले पहाड़ की तरह मंडराने वाले हेमंत द्विवेदी भी यहाँ मकान बनाकर माननीय बनने का सपना देखते रहे, लेकिन जनता सब समझती है।” दुम्का ने साफ संकेत दिए कि केवल क्षेत्र में स्थायी आवास बना लेने से राजनीतिक स्वीकार्यता नहीं मिलती, बल्कि जनता वर्षों के संघर्ष, संगठन और क्षेत्रीय जुड़ाव को महत्व देती है।

पूर्व विधायक ने कहा कि लालकुआँ में लंबे समय से कार्यकर्ता पार्टी और समाज के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे में चुनाव के समय अचानक सक्रिय होने वाले या क्षेत्र में बसकर स्थानीय पहचान बनाने की कोशिश करने वाले नेताओं को जनता गंभीरता से नहीं लेती।

दुम्का के इस बयान के बाद लालकुआँ की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले स्थानीय नेतृत्व की पैरवी और बाहरी दावेदारों को खुली चेतावनी के रूप में देख रहे हैं। बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों खेमों में सियासी तापमान बढ़ गया है।

उत्तराखंड