खबरें शेयर करें -

17 मई को हल्दूचौड़ में गूंजेगी किक्स की धमक, नैनीताल जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप को लेकर तैयारियां तेज!

प्रतिभागियों के लिए आधार कार्ड अनिवार्य, गलत जानकारी देने पर होगी अयोग्यता!

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो : प्रमोद बमेटा।

लालकुआं। जिले में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने के उद्देश्य से जिला ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन, नैनीताल के तत्वावधान में आगामी 17 मई 2026 को “नैनीताल जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026” का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन हल्दूचौड़ स्थित एचडी स्पोर्ट्स एंड फिटनेस अकादमी, गंगारामपुर में होगा। आयोजन को लेकर एसोसिएशन ने नैनीताल और अल्मोड़ा जिले के सभी कोचों व प्रशिक्षकों को आधिकारिक सूचना जारी कर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के लिए 800 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता को निष्पक्ष और अनुशासित बनाए रखने के लिए एसोसिएशन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड अथवा वैध यूआईडी प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। बिना पहचान पत्र के किसी भी प्रतिभागी को प्रतियोगिता में प्रवेश नहीं मिलेगा।

एसोसिएशन ने कोचों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने खिलाड़ियों का पूर्ण विवरण निर्धारित प्रारूप में 16 मई 2026 तक हर हाल में जमा करा दें। खिलाड़ियों की आयु, भार वर्ग और श्रेणी से संबंधित जानकारी पूरी तरह सही और स्पष्ट होनी चाहिए। आयोजन समिति ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलत जानकारी पाए जाने पर संबंधित खिलाड़ी को तत्काल प्रभाव से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों से समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने की अपील की है। वहीं जिला ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव ने संयुक्त संदेश में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और स्थानीय स्तर की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह चैंपियनशिप जिले के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उत्तराखंड