खबरें शेयर करें -

बिजली महकमे की लापरवाही बनी जानलेवा!
लालकुआं में पोल से गिरा विद्युत कर्मी, ब्रेन हेमरेज की आशंका; गंभीर हालत में बरेली रेफर!
दर्पण न्यूज 24/7
लालकुआं! लालकुआं क्षेत्र के गुमटी इलाके में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान विभाग का एक कर्मचारी अचानक बिजली के पोल से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि विभागीय सुरक्षा इंतजामों की पोल भी खुलकर सामने आ गई।
बताया जा रहा है कि विद्युत कर्मी प्रेम लाइन पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद कर्मचारी और स्थानीय लोग सहम गए। आनन-फानन में घायल कर्मचारी को निजी वाहन से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कर्मचारी में ब्रेन हेमरेज की आशंका जताई है। हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली के राममूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर विद्युत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर विभाग कितना गंभीर है? क्या कर्मचारी बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और आधुनिक सेफ्टी सिस्टम के जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं? स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय हीलाहवाली और लापरवाही का खामियाजा अब कर्मचारियों को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि लाइनमैन और विद्युत कर्मचारियों को कई बार पर्याप्त सुरक्षा किट, बेल्ट और तकनीकी संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में हर दिन कर्मचारी मौत के साए में काम करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा मानकों को गंभीरता से लागू नहीं किया गया तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।
हादसे के बाद विभागीय अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। परिजन अस्पताल में कर्मचारी की जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे हैं, जबकि पूरा क्षेत्र घायल कर्मी के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है। अब देखना यह होगा कि विभाग इस गंभीर घटना से कोई सबक लेता है या फिर हमेशा की तरह जांच और आश्वासनों तक मामला सीमित रह जाएगा।

उत्तराखंड