खबरें शेयर करें -

मॉडर्न पेंटाथलन राज्य प्रतियोगिता में रघुवर दत्त जोशी का उत्कृष्ट प्रदर्शन, तीन स्वर्ण पदक किए अपने नाम।

काशीपुर। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रघुवर दत्त जोशी ने एक बार पुनः अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए मॉडर्न पेंटाथलन राज्य प्रतियोगिता 2026 में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। 21 से 23 मई 2026 तक काशीपुर में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने मास्टर्स-बी वर्ग में लेजर रन, बायथल एवं ट्रायथल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अर्जित किए।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागियों के मध्य आयोजित इस प्रतियोगिता में रघुवर दत्त जोशी ने अपनी शारीरिक क्षमता, अनुभव तथा तकनीकी दक्षता का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रत्येक स्पर्धा में उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन की प्रतियोगिता में उपस्थित खेल अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं दर्शकों द्वारा सराहना की गई।

उल्लेखनीय है कि रघुवर दत्त जोशी पूर्व में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड तथा देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2025 में आयोजित यूआईपीएम विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए फाइनल चरण में स्थान प्राप्त किया था तथा विश्व रैंकिंग में 14वां स्थान अर्जित किया था।

उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों तथा गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। लोगों का कहना है कि रघुवर दत्त जोशी की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा इससे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

उत्तराखंड