खबरें शेयर करें -

पिकअप खाई में गिरी, चालक समेत दो की मौत!

कपकोट के तुड़तुड़िया धार के पास दर्दनाक हादसा, चार महिलाएं घायल!

दर्पण न्यूज 24/7 | बागेश्वर

बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब आठ बजे पिकअप वाहन संख्या यूके02सीए-0677 में चालक सहित छह लोग भैरू क्षेत्र में घास लेने जा रहे थे। इसी दौरान कपकोट-शामा मोटर मार्ग से जुड़े लिंग-असों-भैरू मार्ग पर तुड़तुड़िया धार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना कपकोट पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला।

दुर्घटना में चालक भगत सिंह (33) पुत्र हयात सिंह, निवासी खारबगड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल सुरमा देवी (60) पत्नी स्व. पुष्कर सिंह, निवासी खटगेड़ा-रेथल को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन 108 एंबुलेंस से ले जाते समय गिरेछौना के पास उन्होंने भी दम तोड़ दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया।

घायलों में राधा देवी (27), तारा देवी (33), उमा साही (25) तथा कमला ऐठानी (32) शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल बागेश्वर में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे तथा मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस हृदयविदारक दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच तथा पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।