दूसरे समुदाय के युवक के साथ युवती के होटल में मिलने पर मचा बवाल, बजरंग दल के विरोध के बाद पुलिस की कार्रवाई।
दर्पण न्यूज 24/7 नानकमत्ता। नगर के एक होटल में अलग-अलग समुदायों से संबंध रखने वाले युवक-युवती के ठहरने की सूचना पर मंगलवार देर रात विवाद खड़ा हो गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर थाना पहुंचकर आपत्ति जताई और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार होटल सिटी सेंटर में एक युवक और युवती के ठहरने की सूचना मिलने पर बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख भरत चंद ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को होटल से थाना नानकमत्ता ले आई। कुछ देर बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
पुलिस जांच में युवक की पहचान इशाक अली (28) निवासी सितारगंज तथा युवती की पहचान कमला (21) निवासी पिथौरागढ़ के रूप में हुई। दोनों अलग-अलग निजी संस्थानों में कार्यरत बताए गए हैं और पिछले करीब डेढ़ वर्ष से एक-दूसरे को जानते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि युवती के बुलाने पर युवक होटल पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार जांच में किसी प्रकार के बहला-फुसलाकर संबंध बनाने, दबाव डालने या कथित ‘लव जिहाद’ जैसे आरोपों की पुष्टि नहीं हुई। इसके बावजूद मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़े युवक-युवती का होने और विरोध प्रदर्शन के चलते तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा रही कि युवक और युवती के अलग-अलग समुदायों से होने के कारण ही मामला तूल पकड़ गया। वहीं पुलिस का कहना है कि उसकी कार्रवाई का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखना है। होटल संचालक के खिलाफ भी नियमों के उल्लंघन के आरोप में पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है।
