खबरें शेयर करें -

कैंची धाम मेले के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी, श्रद्धालु शटल सेवा का करें उपयोग!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी/नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले को लेकर नैनीताल पुलिस ने 13 से 16 जून तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विभिन्न जिलों और राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा का उपयोग करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, रामनगर, कालाढूंगी, रामपुर रोड और बरेली रोड की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे कैंची धाम नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को गोलापार-काठगोदाम स्थित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी तरह भीमताल, भवाली, नैनीताल, ज्योलीकोट, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग-अलग पार्किंग और शटल व्यवस्था बनाई गई है। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा, जबकि भवाली और नैनीताल क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए सैनिटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध!
पुलिस ने बताया कि 13 जून को सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक तथा 14 जून की मध्यरात्रि से 16 जून की रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहन भी निर्धारित समय में ही आवागमन कर सकेंगे। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
बसों का भी बदलेगा रूट!
14 जून की दोपहर दो बजे से 16 जून की दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाली रोडवेज और केएमओयू बसों को भवाली-कैंची धाम मार्ग से न भेजकर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
दोपहिया और टैक्सी बाइकों पर रोक!
14 जून सुबह आठ बजे से 16 जून शाम चार बजे तक टैक्सी बाइकों समेत सभी दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा का उपयोग करना होगा।
10 स्थानों से मिलेगी शटल सेवा!
प्रशासन ने सैनिटोरियम पार्किंग भवाली, जंगलात बैरियर भवाली, विकास भवन भीमताल, खैरना, पनीराम डांबा, तल्लीताल टैक्सी स्टैंड, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केएमओयू स्टेशन हल्द्वानी और प्रस्तावित आईएसबीटी गोलापार से शटल सेवाएं संचालित करने की व्यवस्था की है।
35 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए!
यातायात को सुचारु रखने के लिए जिलेभर में 35 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। कालाढूंगी, लामाचौड़, आरटीओ रोड, तीनपानी, गोलापार, काठगोदाम, भीमताल, खुटानी, भवाली, खैरना, क्वारब, रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्गों पर यातायात को आवश्यकता अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेने तथा निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि कैंची धाम मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।