खबरें शेयर करें -

 

300 किलो प्रतिबंधित गौमांस से भरी कार का पर्दाफाश, पुलिस पहुंची तो चली गोलियां… दो गिरफ्तार, दो फरार।

दर्पण न्यूज 24/7 गदरपुर। ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस और गौवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध कार को घेरकर उसमें से लगभग 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि दो अन्य पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार गौवंश संरक्षण स्क्वाड कुमाऊँ परिक्षेत्र को गदरपुर की गांधी कॉलोनी में प्रतिबंधित गौमांस की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्क्वाड और कोतवाली गदरपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए स्विफ्ट डिजायर कार संख्या DL 2C AK 8699 को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गौमांस बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से नईम पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी अगलगा थाना स्वार जनपद रामपुर तथा अबरार पुत्र बाबू खां निवासी गांधी कॉलोनी गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी पुलिस को देखकर घबरा गए और फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में कई टीमों को लगाया है।

मौके से स्विफ्ट डिजायर कार के अलावा तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। बरामद गौमांस और वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। कुमाऊँ परिक्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गौ-तस्करी और गौवंश से जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

दर्पण न्यूज़ 24/7

 

उत्तराखंड