खबरें शेयर करें -

ग्रेटर गौलापार का सपना फिर चर्चा में, मेयर बोले—युवाओं की भागीदारी से बनेगा भविष्य का हल्द्वानी!

यंग बिजनेस मीट में व्यापारियों ने रखा विजन, स्व. इंदिरा हृदयेश के सपने को आगे बढ़ाने पर भी हुई चर्चा!

दर्पण न्यूज 24/7 |धर्मेन्द्र शर्मा  | हल्द्वानी

हल्द्वानी शहर के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर आयोजित “यंग बिजनेस मीट विद मेयर” कार्यक्रम में युवा व्यापारियों ने एक बड़ा विजन सामने रखा। उन्होंने गौलापार को आधुनिक सुविधाओं से युक्त “ग्रेटर गौलापार” के रूप में विकसित करने की मांग उठाई, ताकि भविष्य का हल्द्वानी सुव्यवस्थित, रोजगारपरक और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं वाला शहर बन सके।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने युवा व्यापारियों और नव मतदाताओं से सीधे संवाद करते हुए कहा कि किसी भी शहर का स्थायी विकास तभी संभव है, जब उसकी योजना में युवाओं की सोच, नवाचार और सक्रिय भागीदारी शामिल हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है और नगर निगम भी स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में व्यापारियों ने नगर नियोजन, चौड़ी सड़कें, बेहतर यातायात व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता, बाजारों के आधुनिकीकरण, लघु उद्योगों के विस्तार, डिजिटल व्यापारिक सुविधाओं, कौशल विकास केंद्र, औद्योगिक क्षेत्र और युवाओं के लिए वित्तीय सहायता जैसी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। साथ ही गौलापार को भविष्य के आधुनिक आवासीय एवं व्यावसायिक हब के रूप में विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव भी रखा गया।

महापौर ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेने का आश्वासन देते हुए कहा कि नगर निगम इन्हें आगामी बैठकों में शामिल कर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि जनता और व्यापारिक समुदाय की साझेदारी जितनी मजबूत होगी, हल्द्वानी उतनी ही तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

स्व. इंदिरा हृदयेश का सपना भी था ‘ग्रेटर गौलापार’

गौरतलब है कि गौलापार को योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर “ग्रेटर गौलापार” बनाने का सपना उत्तराखंड की पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा हृदयेश भी वर्षों पहले देख चुकी थीं। उनका मानना था कि हल्द्वानी का भविष्य गौलापार के सुनियोजित विस्तार में छिपा है। अब युवा व्यापारियों द्वारा उसी सोच को फिर से प्रमुखता से उठाए जाने से इस महत्वाकांक्षी अवधारणा को नई ऊर्जा मिलती दिखाई दे रही है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल, युवा व्यापारी, नव मतदाता एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर शहर के विकास पर अपने सुझाव साझा किए।

उत्तराखंड