खबरें शेयर करें -

खनन पर ब्रेक: उधमसिंहनगर में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक सभी खनन और चुगान कार्य बंद!

अवैध खनन करते मिले तो होगी सख्त कार्रवाई, जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश।

दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर। मानसून के दौरान बाढ़ और अतिवृष्टि से जन-धन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उधमसिंहनगर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के अधिकांश खनन क्षेत्रों में 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक खनन एवं चुगान कार्य पूरी तरह बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार उप निदेशक, खनन उधमसिंहनगर की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि वर्षाकाल में नदियों के जलस्तर में वृद्धि, बाढ़ और अतिवृष्टि के कारण खनन क्षेत्रों में दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी रहती है। साथ ही, पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की स्वीकृत शर्तों के अनुसार भी जून माह के अंत तक खनन कार्य बंद किया जाना निर्धारित है।

आदेश के मुताबिक, केंद्र सरकार की योजनाओं तथा उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में संचालित कार्यों को छोड़कर जनपद के सभी खनन क्षेत्रों में खनन और चुगान गतिविधियां पूरी तरह स्थगित रहेंगी।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान यदि कोई व्यक्ति या संस्था अवैध खनन करते हुए पकड़ी गई, तो उसके खिलाफ उत्तराखण्ड उप खनिज परिहार नियमावली-2023 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी के आदेश की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, वन विभाग, खान अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और खनन पट्टाधारकों सहित संबंधित विभागों को भेज दी गई है, ताकि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जा सके।

 

उत्तराखंड