

देहरादून में दिनदहाड़े तिहरा हत्याकांड, बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या!
तपोवन की विष्णुलोक कॉलोनी में घर में घुसा आरोपी, विरोध पर पेचकस से हमला, स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ा!
देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई तीन हत्याओं की वारदात से सनसनी फैल गई। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में एक घर में घुसकर सेवानिवृत्त बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर कथित रूप से पेचकस से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आयुध निर्माणी से सेवानिवृत्त रमेश कपूर अपनी पत्नी रजनी कपूर के साथ विष्णुलोक कॉलोनी में रहते थे। उनके बच्चे बाहर रहते हैं। घटना के समय घर में दंपती के अलावा उनकी नौकरानी शीला मौजूद थी।
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय एक व्यक्ति कथित तौर पर लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ। दंपती ने जब उसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित रूप से पेचकस से दोनों पर कई वार कर दिए। इसी दौरान नौकरानी शीला को घर के भीतर से शोर सुनाई दिया। वह मौके पर पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। नौकरानी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खुद को लोगों से घिरता देख आरोपी घर से निकलकर पैदल भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। प्रारंभिक जानकारी में उसके पास से कथित तौर पर लूटी गई सोने की चेन बरामद होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर और नौकरानी शीला को मृत घोषित कर दिया। शीला मूल रूप से दरभंगा, बिहार की निवासी बताई जा रही है।
एक ही घर में तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के पीछे लूट की भूमिका, आरोपी की पहचान और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की विस्तृत जांच और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
