खबरें शेयर करें -

मानसून की दस्तक, कॉर्बेट के जंगलों पर लगा विराम

बिजरानी समेत अधिकांश पर्यटन जोन बंद, पहली बार फाटो पर भी लगा ताला

गर्जिया, झिरना और ढेला जोन ही रहेंगे पर्यटकों के लिए खुले

दर्पण न्यूज 24/7 | करन तिवारी| रामनगर

मानसून की पहली दस्तक के साथ ही विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट लैंडस्केप में पर्यटन गतिविधियों पर बड़ा ब्रेक लग गया है। 30 जून की अंतिम शाम की सफारी के बाद कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का सबसे लोकप्रिय बिजरानी पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। इसके साथ ही रामनगर वन प्रभाग के सीतावनी, भंडारपानी, पवलगढ़, कॉर्बेट हेरिटेज जोन और कॉर्बेट फॉल पर भी ताला लग गया है। वहीं, इस बार पहली बार फाटो पर्यटन जोन को भी पूरे मानसून सीजन के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है।

वन विभाग ने बरसात के दौरान जंगलों में खराब होने वाले मार्गों, वन्यजीवों के प्रजनन काल और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है। अब बिजरानी सहित अधिकांश जोन 15 अक्टूबर से दोबारा पर्यटकों के लिए खोले जाएंगे।

उधर, कॉर्बेट का सबसे प्रतिष्ठित ढिकाला पर्यटन जोन पहले ही 15 जून से बंद किया जा चुका है। ढिकाला के साथ सभी वन विश्राम गृहों में रात्रि प्रवास भी बंद है। अब पर्यटक यहां का रोमांच सीधे 15 नवंबर के बाद ही ले सकेंगे। मानसून में रामगंगा नदी का बढ़ता जलस्तर और क्षतिग्रस्त होने वाले वन मार्ग इसके पीछे प्रमुख कारण हैं।

रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी 30 जून की शाम से बंद कर दिया गया है। वहीं, तराई पश्चिम वन प्रभाग के फाटो और हाथीडंगर पर्यटन जोन भी अब मानसून के दौरान पर्यटकों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। खास बात यह है कि फाटो जोन को पहली बार पूरी तरह बंद किया गया है। इससे पहले यहां सीमित पर्यटन गतिविधियां जारी रहती थीं, लेकिन इस बार वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसे भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इन दोनों जोनों को 1 अक्टूबर से दोबारा खोलने की तैयारी की जाएगी।

हालांकि मानसून के दौरान भी जंगल सफारी के शौकीनों के लिए राहत की खबर है। गर्जिया, झिरना और ढेला पर्यटन जोन पूरे वर्ष की तरह इस बार भी खुले रहेंगे। केवल अत्यधिक वर्षा, बाढ़ या किसी विशेष परिस्थिति में ही इन जोनों का संचालन अस्थायी रूप से रोका जाएगा। सामान्य परिस्थितियों में इन तीनों जोनों में पर्यटक मानसून के बीच भी जंगल सफारी का रोमांच उठा सकेंगे।

उत्तराखंड