हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला की ट्रक की चपेट में आने से मौत।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित नेक्सा शोरूम के समीप आज अपराह्न् हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हल्दूचौड़ के गंगापुर निवासी पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शमशेर सिंह रौतेला बाइक से हल्द्वानी की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को सामने से आ रहे अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फरार ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले शमशेर सिंह रौतेला दूसरे पूर्व सैनिक हैं। इससे एक दिन पहले हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क पार करते समय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला की भी सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूर्व सैनिक समुदाय और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।
