दो मासूम बच्चों की मां ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी।
हल्दूचौड़। हल्दूचौड़ क्षेत्र के जयपुर बीसा ग्राम सभा अंतर्गत गंगारामपुर गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका अपने पति और दो मासूम बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रूपा पड़लिया (25 वर्ष) पत्नी विजय पड़लिया के रूप में हुई है। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्ष की पुत्री और तीन वर्ष का पुत्र है। घटना के बाद परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल कुमार, कोतवाल बृजमोहन राणा तथा हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जहां फोरेंसिक विशेषज्ञ उपनिरीक्षक त्रिवेणी जोशी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
