








रुद्रपुर में हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र शुरू, महिलाओं को हुनर के साथ मिलेगा रोजगार का अवसर!
दर्पण न्यूज 24/7, रुद्रपुर।
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में रुद्रपुर में नई पहल शुरू हुई है। रूरल एजुकेशन एंड डेवलपमेंट संस्था (रीड इंडिया) की संयुक्त पहल के तहत रुद्रपुर ब्लॉक में ‘परिश्रम कौशल’ हथकरघा कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने बुधवार को रिबन काटकर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं और अन्य लोगों को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाना है। हथकरघा सहित विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षण मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
इस दौरान रूरल एजुकेशन एंड डेवलपमेंट संस्था की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गीता मल्होत्रा ने संस्था की ओर से महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रीड इंडिया महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
डॉ. मल्होत्रा के अनुसार संस्था पहले महिलाओं की क्षमता और व्यावसायिक समझ विकसित करती है। इसके बाद उनकी रुचि और सुविधा के अनुसार उन्हें विभिन्न हुनर का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं के समूह बनाकर उन्हें बाजार और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था ‘समुदाय प्रथम’ दृष्टिकोण के तहत काम करती है, जिसमें समुदाय को केंद्र में रखते हुए संस्था मार्गदर्शन और सहयोग की भूमिका निभाती है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार के सहयोग से रुद्रपुर में नए वीविंग सेंटर की शुरुआत की गई है। यहां रीड इंडिया के मास्टर ट्रेनर्स महिलाओं को हथकरघा बुनाई का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण के साथ तैयार उत्पादों को बाजार से जोड़ने और उनके व्यवसायिक उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी आसित आनंद, ग्रामीण महिलाएं, संस्था के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
