खबरें शेयर करें -

खड़गे के दौरे से गरमाई लालकुआं की सियासत, नंदन ने ताबड़तोड़ जनसंपर्क से चढ़ा सियासी पारा!
गांव-गांव दस्तक, जनता से सीधा संवाद, 2027 की तैयारियों के बीच दावेदारी को धार देने में जुटे हेमवती नंदन दुर्गापाल!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता।
लालकुआं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे के बाद लालकुआं विधानसभा की सियासी फिजा में हलचल तेज हो गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के संभावित दावेदारों ने जहां अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है, वहीं युवा कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ जनसंपर्क कर सियासी मैदान में अपनी मौजूदगी और मजबूत कर दी है।
दुर्गापाल इन दिनों लालकुआं विधानसभा के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। रविवार को भी उन्होंने कई क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। देर शाम गंगारामपुर में हेम तिवारी के आवास पर आयोजित बैठक में पहुंचे दुर्गापाल का ग्रामीणों ने स्वागत किया। बैठक में क्षेत्र की समस्याओं और आगामी विकास की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
ग्रामीणों के बीच दुर्गापाल ने कहा कि लालकुआं विधानसभा को केवल राजनीतिक वादों की नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने वाले नेतृत्व की जरूरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार, सिंचाई और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास की जो नींव रखी थी, उसे आगे बढ़ाना उनके जीवन का संकल्प है। राजनीति को सेवा का माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो वह किसी पद की लालसा के बजाय पूरी निष्ठा से जनता के बीच रहकर काम करेंगे।
दुर्गापाल के लगातार बढ़ते जनसंपर्क को लालकुआं विधानसभा की आगामी सियासत से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि वह केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित रहने के बजाय विधानसभा के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। इससे उनकी सक्रियता को व्यापक राजनीतिक अभियान के रूप में देखा जाने लगा है।
गंगारामपुर की बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दया किशन कबड़वाल, हरीश तिवारी,रमेश चंद्र कविदयाल, नीरज कबड़वाल, किशन चंद्र सनवाल, नवीन दुर्गापाल, प्रकाश चंद्र तिवारी, मोहन कुड़ाई, रमेश चंद्र गरवाल, मुकेश कबड़वाल, कैलाश चंद्र कबड़वाल, बसंत जोशी, दीपेश कबड़वाल, सुरेश खोलिया, गोविंदी देवी, विद्या तिवारी, केशव दत्त कविदयाल, कैलाश चंद्र कर्नाटक, लीलाधर खोलिया, ललित दुमका और अजय खोलिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कुल मिलाकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के दौरे के बाद पार्टी के भीतर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और संभावित दावेदारों में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। लालकुआं में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। ऐसे में हेमवती नंदन दुर्गापाल का लगातार जनता के बीच पहुंचना सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लालकुआं की सियासत में अभी कई चेहरे अपनी-अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कौन गांव-गांव अपनी पकड़ मजबूत करता है और किसके पक्ष में कार्यकर्ताओं व जनता का माहौल बनता है, यह देखना दिलचस्प होगा।
फिलहाल इतना तय है कि लालकुआं की चुनावी बिसात पर मोहरे सजने लगे हैं और हेमवती नंदन दुर्गापाल ने जनसंपर्क के जरिए अपनी चाल चलना शुरू कर दी है।

उत्तराखंड