








खटीमा पहुंचे ‘धाकड़ धामी’, सुनीं जनसमस्याएं—अधिकारियों को दो टूक, शिकायतों का हो त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान!
दर्पण न्यूज 24/7 खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार देर शाम लोहियाहेड स्थित हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद उन्होंने लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिक को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति के साथ ही पूर्व में घोषित विकास योजनाओं और लंबित कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
धामी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसका प्रभावी समाधान किया जाए। सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक है, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित के मामलों में पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी। मुख्यमंत्री के तेवरों से साफ रहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मेयर विकास शर्मा, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री कैप्टन गंभीर सिंह धामी, दान सिंह रावत, फरजाना बेगम, सुखदेव सिंह नामधारी, किसान सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, ग्राम प्रधान माया चंद, भाजपा चकरपुर मंडल उपाध्यक्ष जगदीश चंद, सतीश भट्ट, रमेश जोशी, रंदीप पोखरिया, जितेंद्र वर्मा सहित जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी और तहसीलदार वीरेंद्र सिंह सजवान समेत कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
