








उत्तराखंड आयुर्वेदिक कॉलेज में देशभक्ति का दिखा जोश!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी (नैनीताल)। उत्तराखंड आयुर्वेदिक कॉलेज, उत्तराखंड इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंस एवं माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, रामपुर रोड, पंचायत घर के समीप में संयुक्त रूप से 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्रबंधक डॉ. अमित कुमार सचान के कुशल नेतृत्व में आयोजित हुआ।
समारोह का शुभारंभ तिरंगा फहराकर और राष्ट्रध्वज को सलामी देकर किया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया। इसके बाद बच्चों और उपस्थित लोगों ने ‘जय हिंद’, ‘जय भारत’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
सरस्वती वंदना से शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘दैण है जाए मां सरस्वती’ की मनमोहक सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत ‘आज आज़ाद है हिंद का हर चमन’ प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।
योग से दिया स्वस्थ और अनुशासित जीवन का संदेश
बच्चों ने योग की शानदार प्रस्तुति देकर स्वस्थ जीवन, अनुशासन और निरोगी रहने का संदेश दिया। योग के बाद विभिन्न सांस्कृतिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह
समारोह को और रोचक बनाने के लिए बच्चों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सुई-धागा दौड़, नींबू-चम्मच दौड़ और म्यूजिकल चेयर्स जैसी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
देशहित में जिम्मेदारी निभाने का संदेश!
कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक एवं कॉलेज प्रशासन ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
समारोह में डॉ. अमित कुमार सचान, एडवोकेट गिरजेश पांडे, अंजना पांडे, डॉ. सतीश बमेटा, डॉ. वैशाली शर्मा, डॉ. रीना गढ़िया, डॉ. मनीता आर्या, अतुल पांडे, भुवन आर्या, राहुल सहित चिकित्सक, स्टाफ सदस्य, सहयोगी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
