खबरें शेयर करें -

 

नैनीताल जिले  में कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश!

भारी से बहुत भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी व निजी विद्यालयों में अवकाश

नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल में 31 अगस्त को जारी किए गए ओरेंज अलर्ट  को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 31 अगस्त 2026 (सोमवार) को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 अगस्त की सुबह 10 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान में नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। संभावित जोखिम को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश।

आदेश के तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसके अलावा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

इन आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का संबंधित सभी संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए आमजन से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।