खबरें शेयर करें -

 

खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रमन सदन ने जीता कबड्डी मुकाबला।

दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। खष्टी देवी इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में शनिवार को खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के प्राथमिक से लेकर कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्राथमिक विभाग में रिंग रेस, फ्रॉग रेस, खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताएं कराई गईं। रिंग रेस में कक्षा एक के गुंजन ने प्रथम तथा नैतिक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में रमन सदन ने टैगोर सदन को पराजित किया, जबकि खो-खो में अशोक सदन ने शिवाजी सदन को मात दी।

कक्षा छह से 12 तक आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में रमन सदन और अशोक सदन के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें रमन सदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अशोक सदन को 9-7 से पराजित किया। वहीं बालिका वर्ग में अशोक सदन ने शिवाजी सदन को हराकर मुकाबला अपने नाम किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सच्चिदानंद दुमका ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में व्यायाम शिक्षक देवेश गुणवन्त, शिक्षक चंद्रशेखर दुमका, राजेश बमेठा, चंचल जोशी, ममता शर्मा, कला भट्ट, प्रीति गरवाल, कविता पांडे, रजनी, लीला नैनवाल, बीना सनवाल, श्वेता बमेठा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

उत्तराखंड