खबरें शेयर करें -

 

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार, हिन्दू संगठनों की शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई!

लालकुआं। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में लालकुआं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हल्दूचौड़ निवासी दीपक भारती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फेसबुक पर हिन्दू समाज के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट की थी। बाद में पोस्ट हटाए जाने के बावजूद मामला तूल पकड़ गया और विभिन्न हिन्दू संगठनों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई।

बताया गया कि कुछ दिन पूर्व दीपक भारती ने अपनी फेसबुक आईडी से हिन्दू समाज के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी। हल्दूचौड़ निवासी एक व्यक्ति ने जब उक्त पोस्ट हटाने के लिए उससे कहा तो आरोप है कि दीपक ने उसके खिलाफ भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी। हालांकि बाद में यह पोस्ट हटा दी गई।

मामले को लेकर 27 अगस्त को सनातन जागृति ट्रस्ट के अध्यक्ष विपिन पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी समेत युवाओं और धर्मप्रेमियों के प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली लालकुआं पहुंचकर शिकायत दी। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि फेसबुक पर सनातन धर्म और हिन्दू समाज के खिलाफ अमर्यादित एवं भड़काऊ सामग्री के साथ एआई-जनरेटेड वीडियो भी प्रसारित किए गए हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।

शिकायतकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए 27 अगस्त को ही आरोपी दीपक भारती पुत्र प्रताप राम, निवासी हाटा, ग्राम गौला गेट, हल्दूचौड़ को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी और कांस्टेबल कुबेर राणा की टीम ने की। आरोपी के खिलाफ समाज में वैमनस्य फैलाने के आशय से आपत्तिजनक पोस्ट कर न्यूसेन्स उत्पन्न करने के मामले में भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा समाज में वैमनस्य और अशांति पैदा करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का किसी भी तरह का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उत्तराखंड