खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा में बारिश का कहर: मलबे में दबकर मां-बेटी और बेटे की मौत!

हवलबाग के उडयुड़ा गांव में बारिश बनी काल, एक ही परिवार की तीन जिंदगियां लील गया मलबा; 10 मकान खतरे की जद में!

दर्पण न्यूज 24/7 अल्मोड़ा। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश अब कहर बरपाने लगी है। हवलबाग के उडयुड़ा गांव में बारिश के दौरान पहाड़ से आया भारी मलबा एक मकान पर टूट पड़ा। मलबे की चपेट में आने से एक ही परिवार के मां, बेटी और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

रात के वक्त तेज बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से मलबा आने की आवाज हुई। देखते ही देखते भारी मलबा मकान को अपनी चपेट में ले गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बचाव का प्रयास किया और सूचना प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचा। मलबे को हटाकर राहत-बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन तीनों को बचाया नहीं जा सका। एक-एक कर तीनों के शव मलबे से बाहर निकाले गए।

एक परिवार उजड़ा, दिल्ली में रह रहे मुखिया पर टूटा दुखों का पहाड़।

बताया गया है कि मृतकों के परिवार के मुखिया नौकरी के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। हादसे की खबर मिलते ही वह दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो गए। एक साथ पत्नी और बच्चों को खोने की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

10 मकान भी खतरे की जद में।

हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि करीब 10 अन्य मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। प्रशासनिक टीमें मौके का जायजा लेकर खतरे वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की तैयारी कर रही हैं।

बारिश ने उडयुड़ा में सिर्फ मलबा नहीं बरसाया, बल्कि एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी। पहाड़ में लगातार बढ़ते भूस्खलन के खतरे के बीच यह हादसा प्रशासन और ग्रामीणों के लिए एक बड़ी चेतावनी भी है।

दर्पण न्यूज 24/7

सच दिखाए, हर समय

उत्तराखंड