खबरें शेयर करें -

“अपण हल्द्वानी, अपण बात… रील बनाओ, जीत लियो सौगात!”

मेयर गजराज ने किया ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ का आगाज, शहर की खूबसूरती कैमरे में उतारने वालों को मिलेंगे 51 हजार तक के इनाम!

दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी

“अपण हल्द्वानी, अपण बात… रील बनाओ, जीत लो सौगात!” अब हल्द्वानी की गलियों, बाजारों, संस्कृति, विरासत और प्राकृतिक खूबसूरती की कहानी सोशल मीडिया पर नए अंदाज में दिखाई देगी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने स्थानीय युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स के हुनर को मंच देने के लिए ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ शुरू की है।

नगर निगम सभागार में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने प्रतियोगिता का आगाज किया। उन्होंने कहा कि शहर की पहचान को सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित रखने के बजाय डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रतियोगिता की थीम ‘आपका शहर, आपकी कहानी, आपकी रील’ रखी गई है। यानी हल्द्वानी को देखने का आपका नजरिया ही अब आपकी रील की पहचान बनेगा।

51 हजार की बाजी, 31 और 21 हजार की सौगात!

नगर निगम ने प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए पुरस्कारों की भी घोषणा की है। प्रथम स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 31 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाले को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।

इस पहल से शहर के उन युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को बड़ा मंच मिलने की उम्मीद है, जो मोबाइल कैमरे के जरिए अपने शहर की कहानी दुनिया के सामने रखने का हुनर रखते हैं।

30 सेकेंड से 90 सेकेंड तक कहानी

प्रतियोगिता में शामिल होने वाली रील की अवधि 30 से 90 सेकेंड के बीच रखी गई है। प्रतिभागी अपनी रील इंस्टाग्राम, फेसबुक अथवा यूट्यूब पर अपलोड कर सकेंगे। रील के कैप्शन में #हमाराहल्द्वानी2026 हैशटैग लगाना अनिवार्य होगा।

रील अपलोड करने की समयसीमा 15 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।

हल्द्वानी के सात रंग, कैमरे में उतारने का मौका

नगर निगम ने प्रतियोगिता के लिए सात विषय निर्धारित किए हैं। इनमें बदलता हल्द्वानी, स्वच्छ हल्द्वानी, प्राकृतिक सुंदरता, बाजार एवं स्थानीय व्यवसाय, इतिहास एवं विरासत, संस्कृति एवं लोक कला तथा स्थानीय खान-पान शामिल हैं।

यानी शहर की बदलती तस्वीर से लेकर बाजारों की चहल-पहल, पहाड़ की तलहटी में बसे हल्द्वानी की प्राकृतिक खूबसूरती, लोक संस्कृति और यहां के स्वाद तक—हर रंग को रील में उतारने का मौका मिलेगा।

अब शिकायत के लिए निगम के चक्कर नहीं

प्रेस वार्ता में मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने शहरवासियों की समस्याओं के समाधान को लेकर भी जानकारी दी। नगर निगम से जुड़ी शिकायतों के लिए 9410727977 नंबर जारी किया गया है। शहरवासी अब निगम कार्यालय के चक्कर लगाए बिना फोन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

मेयर के अनुसार शिकायत मिलने के बाद संबंधित टीम को तत्काल कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए जाएंगे।

फड़-ठेला कारोबार को भी मिलेगा ठिकाना

शहर में फड़ और ठेला कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम अब निजी भूमि किराए पर लेकर वेंडिंग जोन और चौपाटी विकसित करने की तैयारी में है।

मेयर ने बताया कि इन वेंडिंग जोन में नगर निगम में पंजीकृत वेंडरों को स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे सड़क किनारे बिखरे फड़-ठेला कारोबार को व्यवस्थित करने के साथ कारोबारियों और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।

इसके लिए निगम ने कालाढूंगी रोड, नैनीताल रोड, रामपुर रोड और बरेली रोड पर निजी भूमि तलाशनी शुरू कर दी है। निजी भूमि स्वामियों से जमीन किराए पर देने के लिए आवेदन भी मांगे गए हैं।

अब देखना होगा—रील में कैसा दिखता है ‘अपण हल्द्वानी’

हल्द्वानी की खूबसूरती को कैमरे में कैद कर दुनिया तक पहुंचाने की यह पहल युवाओं के लिए बड़ा अवसर है। लेकिन इसके साथ शहरवासियों की नजर अब इस बात पर भी रहेगी कि रील में चमकता हल्द्वानी और जमीन पर बदलता हल्द्वानी—दोनों तस्वीरें कितनी एक जैसी नजर आती हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश सह संयोजक मीडिया संपर्क विभाग भुवन जोशी, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, पूर्व जिला उपाध्यक्ष हरिमोहन अरोरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड