खबरें शेयर करें -

शादी हुई, भरोसा जीता… फिर दूल्हे को नशीला पदार्थ खिलाकर फरार! ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत 5 दबोचे!

बहादराबाद में अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, 70 हजार रुपये, नशीला पाउडर, पांच मोबाइल और बोलेरो बरामद!

हरिद्वार।

शादी के नाम पर भरोसा जीतने और फिर दूल्हे को नशीला पदार्थ खिलाकर घर का सामान समेटने के आरोप में बहादराबाद थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों में एक 21 वर्षीय महिला भी शामिल है, जिसे मामले में मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये की नकदी, नशीला पाउडर, पांच मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो बरामद की है।

मामला ग्राम दौलतपुर का है। पुलिस को दी शिकायत में प्रवेश पुरी ने बताया कि उनके भाई योगेश पुरी का विवाह हाल ही में एक महिला से हुआ था। शादी के बाद महिला ने परिवार का विश्वास हासिल किया। आरोप है कि कुछ समय बाद उसने योगेश को नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद महिला घर में रखी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बहादराबाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश में घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरोह के अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में 21 वर्षीय महिला निवासी मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश), अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, एक महिला निवासी शामली, पुनीत कुमार निवासी शामली और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर (राजस्थान) शामिल हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने शादी का झांसा देकर इससे पहले कितने लोगों को निशाना बनाया। अलग-अलग राज्यों में इस तरह की घटनाओं से गिरोह के तार जुड़े हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस इनके जरिए गिरोह के संपर्कों और कथित तौर पर ठगी के अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने लोगों से शादी तय करने से पहले सामने वाले पक्ष की पहचान, पता, परिवार और पृष्ठभूमि की पूरी तरह जांच करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जांच का विषय है कि इस गिरोह ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया।

उत्तराखंड