खबरें शेयर करें -

हल्दीघेरा में गौशाला का लोकार्पण, खटीमा को 108.84 करोड़ की 15 विकास योजनाओं की सौगात!

7.22 करोड़ की लागत से बनी आधुनिक गौशाला का मुख्यमंत्री धामी ने किया उद्घाटन, बोले—निराश्रित गोवंश को मिलेगा सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय!

दर्पण न्यूज 24/7 | खटीमा।

खटीमा में गुरुवार को विकास और गोवंश संरक्षण से जुड़े दो बड़े अध्याय एक साथ जुड़े। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्दीघेरा में 7 करोड़ 22.76 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इसी कार्यक्रम में उन्होंने 108 करोड़ 84.28 लाख रुपये की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्दीघेरा की यह गौशाला केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय देने के संकल्प की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश से जहां उनकी सुरक्षा का सवाल जुड़ा है, वहीं किसानों की फसलों को नुकसान और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

‘गौ संरक्षण परंपरा ही नहीं, कर्तव्य और जिम्मेदारी भी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। उत्तराखंड भी लंबे समय से गो संरक्षण की परंपरा वाली भूमि रही है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सुरक्षा केवल परंपरा नहीं, बल्कि कर्तव्य, धर्म और जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम्य गौ सेवक योजना को पूरे प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर शीघ्र गौशालाओं का निर्माण कराया जाएगा।

हल्दीघेरा गौशाला के विस्तार का ऐलान

मुख्यमंत्री ने हल्दीघेरा स्थित गौशाला की क्षमता को भविष्य की जरूरतों के अनुसार बढ़ाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप इसका विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सके।

उन्होंने इस कार्य में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया।

सड़क, पुल, बाढ़ सुरक्षा से लेकर महाविद्यालय भवन तक

कार्यक्रम में जिन 15 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें सड़क, पुल, बाढ़ सुरक्षा, गौशाला, महाविद्यालय के आवासीय भवन और सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।

प्रमुख योजनाओं में राज्य मार्ग-70 सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग तक 13.600 किलोमीटर मार्ग के उच्चीकरण पर 34.44 करोड़ रुपये, खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क को फोरलेन करने और प्रकाश व्यवस्था पर 13.42 करोड़ रुपये, बिकराबाग से चकरपुर तक 4.875 किलोमीटर मार्ग को एक लेन से डेढ़ लेन करने पर 9.44 करोड़ रुपये तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के आवासीय भवन निर्माण पर 7.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में हॉटमिक्स सड़क, इंटरलॉकिंग सड़क, आरसीसी पुल, मोटर मार्ग, बाढ़ सुरक्षा और गौशाला निर्माण से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश के सुरक्षित आश्रय से किसानों को भी राहत मिलेगी। खेतों में फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों को अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते हैं। वहीं सड़कों पर गोवंश के विचरण से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में गौशाला को उन्होंने गो संरक्षण के साथ किसान और सड़क सुरक्षा से भी जोड़कर देखा।

उन्होंने कहा कि गौ सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को सामूहिक रूप से आगे आना होगा।

अपने संबोधन में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने हल्दीघेरा में गौशाला निर्माण को निराश्रित गोवंश के लिए महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने नैनीताल जिले के लालकुआं में उच्च पशु चिकित्सालय के निर्माण का भी उल्लेख किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, प्रेम सिंह टूरना, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, उत्तम दत्ता, किसन सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, रणजीत सिंह नामधारी, फरजाना बेगम, मंजीत सिंह राजू, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अन्थवाल, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, श्रीपाल सिंह, रवींद्र राणा, मनोज साही, राजपाल सिंह, बलराज सिंह सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

उत्तराखंड