खबरें शेयर करें -

वीआईपी मूवमेंट पर प्रशासन अलर्ट, नोडल अफसरों की तैनाती!

बनबसा कैबिनेट बैठक और खटीमा आदि रंगोत्सव को लेकर डीएम ने संभाली कमान, तीन केंद्रीय मंत्रियों के आगमन का भी प्रस्ताव!

रुद्रपुर, 3 अक्टूबर। 4 अक्टूबर को बनबसा में होने वाली कैबिनेट बैठक और खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के दौरान प्रस्तावित वीआईपी मूवमेंट को लेकर ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल और सह-नोडल अधिकारियों की तैनाती कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।

आदि रंगोत्सव में तीन केंद्रीय मंत्रियों के आगमन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा कैबिनेट बैठक में प्रतिभाग करने वाले मंत्रियों और शासन के उच्चाधिकारियों के जनपद भ्रमण को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

शनिवार सुबह जिलाधिकारी ने सभी नामित नोडल और सह-नोडल अधिकारियों की ब्रीफिंग कर उन्हें जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

डीएम ने अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाएं। वीआईपी मूवमेंट और बड़े सार्वजनिक आयोजन के मद्देनजर प्रशासन का पूरा फोकस व्यवस्थाओं को समय से अंतिम रूप देने पर है।

बनबसा में कैबिनेट बैठक और खटीमा में आदि रंगोत्सव—दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों के एक साथ होने के कारण जिला प्रशासन के सामने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर बड़ी जिम्मेदारी है। इसी को देखते हुए अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों की निगरानी शुरू कर दी गई है।

ब्रीफिंग में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय व कौस्तुभ मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, डीएफओ यूसी तिवारी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, एसडीएम ऋचा सिंह समेत संबंधित नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

दर्पण न्यूज 24/7 | ऊधमसिंह नगर

उत्तराखंड