

बदहाल सड़क का वीडियो बनाने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप!
हल्दूचौड़। क्षेत्र की बदहाल सड़क का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में सर्वजन दिव्यांग कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर लाल ने हल्दूचौड़ दोलिया के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कैलाश चंद्र भट्ट पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शंकर लाल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी लालकुआं को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने 30 सितंबर को क्षेत्र की एक बदहाल सड़क का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। आरोप है कि इसके बाद कैलाश चंद्र भट्ट ने उन्हें दोबारा वीडियो बनाने पर जान से मारने और नामोनिशान मिटा देने की धमकी दी।
शंकर लाल ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
