खबरें शेयर करें -

जन्मदिन के बहाने 2027 की मजबूत सियासी पारी का आगाज कर गए लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट!

बिंदुखत्ता से गौलापार तक सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला, हल्दूचौड़ में 153 यूनिट रक्तदान और 187 लोगों का टूल-किट के लिए पंजीकरण, स्नेह और समर्थन के लिए जताया आभार, दोहराया सेवा का संकल्प!

लालकुआं। लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट का जन्मदिन सोमवार को विधानसभा क्षेत्र में सेवा, सामाजिक सरोकार और जनसंपर्क के आयोजनों के बीच मनाया गया। बिंदुखत्ता से लेकर लालकुआं, हल्दूचौड़, मोटाहल्दू, गोरापड़ाव, गौलापार और चोरगलिया तक हुए कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की भागीदारी रही। जन्मदिन के इन आयोजनों में जहां सेवा गतिविधियों के जरिए सामाजिक संदेश दिया गया, वहीं विधायक ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख कर आने वाले राजनीतिक दौर के लिए भी अपनी जमीन मजबूत होने का संकेत दिया।

हल्दूचौड़ के रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 153 यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि करीब 187 लोगों ने टूल-किट के लिए पंजीकरण कराया। समाज कल्याण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजनों से संबंधित कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी कराई गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने जन्मदिन पर मिले स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए क्षेत्रवासियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास उनके लिए व्यक्तिगत खुशी से कहीं अधिक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘सेवा परमो धर्मः’ की भावना को अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बताते हुए जरूरतमंदों की मदद, क्षेत्र के विकास और जनता से निरंतर संवाद के संकल्प को आगे भी जारी रखने की बात कही।

उन्होंने अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। विधायक के संदेश का केंद्रीय भाव यही रहा कि जनप्रतिनिधित्व केवल पद नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी है।

सेवा के मंच पर संगठन की ताकत!

मुख्य कार्यक्रम भाजपा हल्दूचौड़ मंडल की ओर से आयोजित किया गया। मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुमका की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष अशोक पड़ालनी और विनोद भट्ट सह संयोजक रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बरगली, विनीत अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जन्मदिन के बहाने विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में सेवा और जनसंपर्क का एक साथ दिखाई देना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रक्तदान, टूल-किट पंजीकरण, दिव्यांगजनों से जुड़ी सहायता और सम्मान कार्यक्रमों ने इसे महज जन्मदिन समारोह से अलग व्यापक सामाजिक आयोजन का रूप दिया।

2027 की सियासत की भी दिखी आहट!

लालकुआं विधानसभा में 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। ऐसे समय में विधायक के जन्मदिन पर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रमों की श्रृंखला और पार्टी संगठन की सक्रिय भागीदारी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।

खास बात यह रही कि सेवा कार्यक्रमों के साथ विधायक ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा। यानी जन्मदिन के मंच पर सेवा का संदेश, संगठन की मौजूदगी और विकास का रिपोर्ट कार्ड,तीनों एक साथ दिखाई दिए।

हालांकि किसी जन्मदिन कार्यक्रम में जुटी भीड़ को सीधे चुनावी समर्थन का पैमाना मानना उचित नहीं होगा, लेकिन राजनीतिक संदेश के स्तर पर यह आयोजन महत्वपूर्ण जरूर रहा। इससे साफ है कि 2027 की चुनावी जमीन तैयार होने के साथ लालकुआं में जनसंपर्क और संगठनात्मक सक्रियता का दौर भी तेज हो रहा है।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि जन्मदिन के मंच से दोहराया गया ‘सेवा का संकल्प’ आने वाले महीनों में किस तरह के जनसंपर्क और राजनीतिक अभियान में तब्दील होता है।

उत्तराखंड